जींद। न्याय संहिता बिल वापस करवाने की मांग को लेकर चल रही ट्रांसपोर्ट चालकों की हड़ताल से खाद्य सामग्री पर असर होने लगा है। इससे सब्जी और फलों के दामों में बढ़ोतरी हो गई है। वहीं बाहर से आने वाली सब्जी, फल और अन्य प्रकार की खाद्य सामग्री का स्टॉक कम होने लगा है।
पंपों पर दो-तीन दिन का पेट्रोल और डीजल बचा है वहीं गैस प्लांट में भी तीन-चार दिन का ही सिलिंडर का स्टॉक है। हड़ताल आगे बढ़ी तो खाने-पीने की चीजों से लेकर गैस सिलिंडर तक की किल्लत हो जाएगी। ट्रक चालकों की हड़ताल से आलू, मटर, संतरा, अंगूर और सेब आदि फलों के रेट में असर पड़ रहा है। हड़ताल से पहले जहां मटर 30 रुपये, आलू दस रुपये, प्याज 30 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, वहीं अब इनके दामों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अब मटर 40 रुपये, आलू 12 रुपये और प्याज 40 रुपये प्रति किलो तक चले गए हैं। इसके अलावा केला, अंगूर और सेब आदि फल के दाम में दस से 20 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बढ़ोतरी हो गई है। जींद की नई सब्जी मंडी में मटर पंजाब से, आलू आगरा से, सेब कश्मीर से वहीं संतरा और अंगूर जैसे फल महाराष्ट्र और श्रीगंगानगर से आते हैं।
प्लांट में तीन-चार दिनों की बची है गैस
ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के चलते हिंदुस्तान पेट्रोलियम काॅरपोरेशन लिमिटेड गैस प्लांट में भी गैस की सप्लाई बाधित हो गई है। पलवल से गैस की सप्लाई जींद में होती है। ट्रांसपोर्ट चालकों की हड़ताल के चलते तीन-चार दिनों से ट्रक गैस प्लांट में ही खड़े हैं क्योंकि सभी चालक चले गए हैं, उन्हें चलाने वाला कोई नहीं है। फिलहाल गैस प्लांट में तीन-चार दिनों का स्टॉक बचा हुआ है। प्लांट प्रशासन लगातार उच्च अधिकारियों से बातचीत कर रहा है, जैसे ही ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल बहाल होगी। गैस सप्लाई शुरू करवा दी जाएगी।
पेट्रोल पंपों पर भी तेल की होगी किल्लत
जिले के आधे पेट्रोल पंपों पर भी तेल की सप्लाई कम हो रही है। जिले में 180 पेट्रोल पंप हैं, जिसमें से आधे पेट्रोल पंप के पास खुद के ट्रक नहीं हैं। एक पंप पर हर रोज 12 से 20 हजार लीटर तेल पानीपत से आता है, जिसके चलते 90 पेट्रोल पंपों पर सप्लाई का असर है। ऐसे में यदि ट्रक यूनियन की हड़ताल तीन जनवरी के बाद बढ़ जाती है तो इसका असर पेट्रोल पंपों पर भी पड़ेगा। हालांकि अभी शहर के पेट्रोल पंपों पर तेल का पूरा स्टॉक है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों वाले पंपों तथा जिन पंप मालिकों पर खुद की टैंकर नहीं है, उन पंपों पर तेल खत्म होने का अंदेशा है। है।
अभी पेट्रोल पंप पर तेल का पूरा स्टॉक है, जिन पंपों के मालिकों के पास टैंकर नहीं हैं, उन्हें तेल की दिक्कत हो सकती है। वैसे हड़ताल का असर पेट्रोल पंपों पर पड़ रहा है।
तेलूराम गर्ग बडनपुर, जिला प्रधान, जींद पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन
02जेएनडी17-शहर के एक पेट्रोल पंप पर टेंकर से टैंक में तेल निकालते कर्मचारी। संवाद