संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। राजनीतिक राजधानी कहे जाने वाले जींद की पिच से सूबे की सियासत में मैदान मारने के लिए सभी दलों ने कमर कस ली है। जजपा के नेता और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला 4 जून को यहां रोड शो करेंगे। इसके चौथे दिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ जींद में बड़ा रोड शो करने वाले हैं। यह दोनों शक्ति प्रदर्शन उस चर्चा को और बल प्रदान करते हैं कि चंडीगढ़ तक पहुंचने का रास्ता जींद से शुरू होता है।
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने आमजन और आम कार्यकर्ताओं तक पहुंचने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने 20 मई को यहां बड़ी रैली कर एक तरह से प्रचार का श्रीगणेश कर दिया। इसके बाद 28 मई को कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन को लेकर यहीं राज्यस्तरीय रैली की। फिर प्रदेश भर के सरपंच 30 मई को यहीं ताकत दिखा चुके हैं। राज्य की गठबंधन सरकार में शामिल जजपा के नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने शुक्रवार को कई गांवों का दौरा किया। अब उनके भाई और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला चार जून को और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता 8 जून को रोड शो के जरिए ताकत दिखाएंगे। सभी पार्टियां जींद में खुद को मजबूत दिखाना चाहती हैं जिससे प्रदेश के मतदाताओं में उनके पक्ष में संदेश जाए।
जींद से प्रचार को शुभ मानती हैं पार्टियां
प्रदेशभर में जींद को सियासी रैलियों के लिए उपयुक्त स्थान माना जाता है। सभी पार्टियां जींद से ही अपनी राजनीतिक गतिविधियों की पहले शुरुआत करती हैं। 1986 में चौधरी देवीलाल ने अपना समस्त हरियाणा सम्मेलन जींद में ही किया था। इसके बाद वह मुख्यमंत्री बने थे। चौधरी बंसीलाल ने जब हरियाणा विकास पार्टी बनाई तो उनको जींद से ही ताकत मिली थी और वह 1996 में मुख्यमंत्री बने थे। हालांकि इससे पहले भी वह मुख्यमंत्री बने, लेकिन अपनी खुद की पार्टी बनाकर वह 1996 में मुख्यमंत्री बने थे। ओमप्रकाश चौटाला ने भी जींद में 1999 में बड़ी रैली की थी, जिसके बाद वह 2000 में मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद से लगभग सभी पार्टियां जींद से ही ताकत लेती रही हैं।
जजपा ने भी यहीं की थी पहली रैली
जब इनेलो से टूटकर दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला ने जनजनायक जनता पार्टी (जजपा) बनाई तो उन्होंने सबसे पहले जींद में ही रैली करके अपनी ताकत दिखाई थी। इस तरह नौ दिसंबर 2018 को जजपा का जींद में जन्म हुआ था। इसके बाद ही दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री बने थे।
आम आदमी पार्टी भी हरियाणा में यहीं से ठोकेगी ताल
अब आम आदमी पार्टी भी जींद से ही इस बार के चुनाव अभियान की शुरुआत करने जा रही है। हालांकि अभी चुनाव में समय है, लेकिन आम आदमी पार्टी आठ जून को ऐतिहासिक रोड शो की तैयारी कर रही। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ लगभग सभी बड़े नेता हिस्सा लेंगे।