जींद। नारनौल-अंबाला एक्सप्रेस वे 152 डी पर सिवाहा गांव के पास 17 मार्च को कार में आग लगने के कारण गर्भवती की मौत के मामले से पर्दा उठ गया है। यह हादसा नहीं था बल्कि महिला के पति ने उसे योजनाबद्ध तरीके से जिंदा जला दिया था। पुलिस की पूछताछ में पति जितेंद्र ने वारदात करने की बात कबूल की है। उसने बताया कि वह पत्नी के चरित्र पर शक के कारण ावारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वीरवार को अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
हिसार जिले के गांव बडाला निवासी सज्जन ने सदर थाना पुलिस को दिए बयान में बताया था कि उसकी बड़ी बेटी सीमा की शादी वर्ष 2012 में गांव सिवाहा निवासी जितेंद्र के साथ हुई थी। उनका आठ वर्षीय बेटा दीक्षित भी है और अब उसकी बेटी छह माह की गर्भवती थी। सुबह उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि सीमा की नारनौल-अंबाला एक्सप्रेस वे152डी पर गांव के निकट कार में जलने से मौत हो गई, जबकि उसका पति जितेंद्र सुरक्षित बच निकला। उन्होंने आरोप लगाया था कि उसके दामाद जितेंद्र ने योजनाबद्ध तरीके से उनकी बेटी की हत्या कर उसके शव को कार में डालकर जला दिया। सदर थाना पुलिस ने आरोपी जितेंद्र को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। उधर, जितेंद्र का कहना था कि वह सालासर से पत्नी के साथ दर्शन कर घर लौट रहा था। उसकी गाड़ी आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई और शार्ट सर्किट के कारण आग लगने से उसकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि वह बच निकलने में कामयाब हो गया था।
पत्नी कहीं हत्या न कर दे, आरोपी को भी था डर
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे डर था कि पत्नी कही पत्नी उसकी हत्या न कर दे। उसका चरित्र ठीक नहीं था। वह दिन-रात उसकी हत्या करने की ही योजना बनाता था और इसी बात को लेकर वह रात को सोता भी नहीं था। 17 मार्च को भी उसने पत्नी सीमा की हत्या करने की योजना बनाई। वह अपनी पत्नी को सालासर बालाजी के दर्शन करवाने के लिए ले गया, जबकि आठ वर्षीय बेटे को घर ही छोड़ गया था। वह नहीं चाहता था कि हत्या को अंजाम देते समय किसी प्रकार की कोई रुकावट आए। उसने सालासर से आते समय पत्नी सीमा को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। इसके तहत वापसी के समय आरोपी ने गाड़ी में तेल का छिड़काव भी किया और परफ्यूम का स्प्रे भी डाला था। अलसुबह जब सीमा नींद में थी तो आरोपी ने गाड़ी को पहले ट्रक के पीछे साइड मारी और फिर को कंडक्टर साइड गाड़ी को रेलिंग से सटा दिया, जिससे सीमा गाड़ी से बाहर नहीं निकल पाई। फिर आरोपी ने गाड़ी को आग लगा दी, जिससे सीमा की गाड़ी के अंदर जलकर मौत हो गई।
वर्जन
मामले में आरोपी जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां कोर्ट ने उसे एक दिन के रिमांड पर भेजा है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। उसे पत्नी से डर था कि कहीं वह उसकी हत्या न कर दे। इसलिए उसने पत्नी को मार डाला है।
सतनारायण, सब इंस्पेक्टर, सदर पुलिस थाना जींद।