29जेएनडी20: एसडीएम गुलजार मलिक। संवाद
उचाना। सरकार द्वारा चिरायु-आयुष्मान भारत योजना के विस्तारीकरण का पोर्टल लांच किया गया है, जिसके माध्यम से अब प्रदेश में एक लाख 80 हजार रुपये से तीन लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को भी इस योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए पात्र आवेदक को वेबसाइट पर आवेदन करना होगा।
एसडीएम गुलजार मलिक ने बताया कि सरकार द्वारा चिरायु आयुष्मान भारत योजना के तहत एक लाख 80 हजार रुपए तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को पहले ही इस योजना में शामिल किया हुआ है। यह परिवार सरकारी अथवा पैनल के निजी अस्पताल में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के लिए सबसे पहले वेबसाइट पर पीपीपी फैमिली आईडी भरे और ओटीपी के लिए सबमिट करें। इसके पश्चात आवेदक को पीपीपी फैमिली आईडी से जुड़े मोबाइल नंबर (परिवार के मुखिया के नंबर) पर ओटीपी प्राप्त होगा और ओटीपी भरने के बाद आवेदक पात्रता परिणाम प्राप्त कर सकता है। यदि आवेदक पात्र है तो 1500 रुपये की पंजीकरण राशि का भुगतान, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई के माध्यम से किया जा सकता है। इसके बाद सफल भुगतान पर रसीद प्रिंट कर सकते हैं। आवेदक पीपीपी आईडी ट्रांजेक्शन संख्या दर्ज करके होम पेज के केंद्र में भुगतान स्थिति जांचे बटन पर क्लिक कर पंजीकरण स्थिति जान सकते हैं।