09जेएनडी30 : सुबह के समय स्मॉग की चादर से ढका जींद जिला। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसीजींद। जिले में वायु प्रदूषण के लगातार बढ़ने के कारण ग्रैप-4 लागू हो चुका है। जिला प्रशासन ने निर्माण कार्यों पर रोक लगाने तथा प्राइमरी स्कूलों की छुट्टियां करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक न तो निर्माण कार्यों पर रोक लगी है और उन ही सभी प्राइमरी स्कूलों ने छुट्टियां की हैं। जींद शहर तथा जुलाना में सबसे अधिक प्राइमरी स्कूल चल रहे हैं। ऐसे में यह स्कूल संचालक छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। वहीं जिले में वीरवार को एक्यूआई 430 दर्ज किया गया। एक्यूआई वीरवार को अधिकतम 500 तथा न्यूनतम 350 दर्ज किया गया।
पिछले दस दिन से लगातार वायु प्रदूषण नए रिकार्ड बना रहा है। इस समय वायु प्रदूषण का इंडेक्स 430 है। इतने अधिक वायु प्रदूषण का सीधा नुकसान लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। 400 से लेकर 500 तक एक्यूआई पहुंचता है तो यह स्वस्थ लोगाें को भी बीमार कर सकता है। इसके अलावा सांस रोगियों के लिए तो यह स्थिति बेहद गंभीर है। सांस रोगियों को इस समय हवा जहर के समान लग रही है। लोगों को चिंता इस बात की है कि वायु प्रदूषण की जो स्थित इस समय है, दीवाली से लेकर दो दिन बाद तक क्या होगी। जिस हिसाब से सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, वह काफी नहीं है। प्रशासनिक अधिकारी केवल खेतों तक दौरा करने तक ही सीमित हैं। किसानों पर लगातार जुर्माना लगाया जा रहा है। इसके बावजूद धड़ल्ले से निर्माण कार्य चल रहे हैं। कूड़े में भी खुलेआम आग लगाई जा रही है।
यूरो-चार के मानक वाले वाहनों का जिले में प्रवेश बंद
प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार ने कहा कि यूरो-4 व यूरो-4 से कम मानक वाले माल वाहक वाहन 15 दिसंबर तक जिला में प्रवेश नहीं करें। आदेशों का उल्लंघन करने पर इन वाहनों को जब्त किया जाएगा। इसके अलावा लोगों से भी आह्वान किया कि वह अपने निजी वाहनों का कम से कम प्रयोग करें और सार्वजनिक यातायात सेवा में ही सफर करें।
सख्ती से आदेश लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। जो स्कूल खुले हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जो निर्माण कार्य चल हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। लोगों को भी वायु प्रदूषण नियंत्रण में प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। यदि लोग प्रशासन का सहयोग करें, तो उनको स्वच्छ वायु मिलेगी।
मोहम्मद इमरान रजा, डीसी जींद।