संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड ने जींद, सफीदों शहर और गांवों में पीएनजी की घरेलू आपूर्ति जल्द शुरू की जाएगी। इस कार्य में तेजी लाने के लिए एडीसी कार्यालय में बुधवार को एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ की अध्यक्षता में बैठक हुई।
एचपीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि जींद और सफीदों शहर में पीएन गैस की सप्लाई देने के लिए अंडर ग्राउंड पाइप लाइन बिछाने का काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा और जल्द ही उपभोक्ताओं को पीएनजी गैस उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके शुरू होने से नए उपभोक्ताओं को सिलिंडर भरवाने से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस सिस्टम में कंपनी ने रजिस्ट्रेशन करवाने का कार्य शुरू करवा दिया है। इसके बाद कनेक्शन मिल जाएगा। उन्होंने बताया कि कम उपयोग करेंगे तो बिल कम आएगा। अधिक उपयोग करेंगे तो बिल अधिक आएगा। इससे समय की बचत होगी। सिलेंडर के लिए अनावश्यक लाइन में नहीं खड़ा होना होगा। इसके लिए 354 रुपये की फीस के साथ पंजीकरण का कार्य शुरू करवा दिया गया है। अब तक जींद में 1200 कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाए गए हैं। इस अवसर पर सर्कल के हैड अभिमन्यु दास, डीआईसी के उपनिदेशक सुरेश कुमार तथा सिंचाई, लोक निर्माण तथा वन मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।
बॉक्स
दूसरी गैसों से सस्ती पड़ेगी पीएनजी गैस
पीएनजी गैस अन्य दूसरी गैस से काफी सस्ती पड़ेगी। इस प्रक्रिया से गैस परिवहन का खर्च बुकिंग का झंझट भी खत्म होगा। जींद व सफीदों में गैस की पाइप लाइन बिछाई जा रही है, इसके बाद पाइप लाइन सीधे रसोई घर में पहुंचाई जाएगी। जहां उस पर मीटर कंट्रोल वॉल्व, मीटर रेगुलेटर और अंत में अपलाइंस वॉल्व लगा होगा। इस वॉल्व से पाइप सीधे चूल्हे से जुड़ा होगा। चूल्हे का स्विच घुमाते ही गैस आपूर्ति शुरू हो जाएगी। जितना उपयोग करना चाहें कर सकेंगे। मीटर में उसकी रीडिंग दर्ज होगी। रीडिंग के अनुसार एक निश्चित अवधि के बाद बिल दिया जाएगा, जिसका भुगतान करना होगा।