जींद। इंडस पब्लिक स्कूल के तलवारबाजों की ओर से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उपलब्धियां हासिल करने पर सरकार ने तलवारबाजी खेल नर्सरी की शुरुआत की है। पिछले वर्ष पांच से अधिक अंतरराष्ट्रीय व अनेक राष्ट्रीय पदक जीतने पर इंडस पब्लिक स्कूल को यह कार्यभार सौंपा गया है। इंडस ग्रुप के निदेशक सुभाष श्योराण ने बताया कि सरकार द्वारा खेल नर्सरी खोलने का उद्देश्य तलवारबाजी खेल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देना है। साथ ही प्रतिभावान खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारना है। इसी क्रम में खेल नर्सरी को आगे बढ़ाते 21 मार्च को इंडस स्कूल में ट्रायल रखी गई है। इस ट्रायल में आठ वर्ष से 19 वर्ष तक के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं।
स्कूल प्राचार्य अरुणा शर्मा बताया कि सरकार द्वारा चलाई गई इस योजना का ज्यादा-से-ज्यादा लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन के अभिन्न अंग हैं। इसलिए हमें पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी महत्व देना चाहिए। खेलों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में बढ़ोतरी होती है तथा बच्चों के अंदर मेल-जोल की भावना भी बढ़ती है। ट्रायल में किसी भी स्कूल के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते है, ट्रायल का समय सुबह 10 बजे रखा गया है।