पिकअप गाड़ी द्वारा तोड़ी गई रेलवे फाटक। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। तेज रफ्तार एक पिकअप झील गांव के पास बंद रेलवे फाटक को तोड़ते हुए निकल गई और ट्रेन से टकरा गई। पिकअप बेकाबू होते ही चालक ने कूद कर जान बचा ली। हादसे में पिकअप क्षतिग्रस्त हो गई। इससे पहले पिकअप चालक ने एक स्कूटी को को टक्कर मारी थी जिसमें पिता-पुत्र घायल हो गए।
रेलवे पुलिस को दी शिकायत में गांव झील निवासी दीपक ने कहा कि वह सोमवार की दोपहर साढ़े 11 बजे अपने पिता इंद्र सिंह के साथ किसी काम से डूमरखां कलां आया था। जब वह वापस जाने लगा तो झील गांव के पास उसे रेलवे फाटक बंद मिला। उसने अपनी स्कूटी रेलवे फाटक के पास रोक ली। इतनी ही देर में पीछे से एक पिकअप आई और उसकी स्कूटी को टक्कर मार दिया और रेलवे फाटक तोड़ते हुए निकल गई। इस दौरान पिकअप रेलगाड़ी से टकरा गई। रेलगाड़ी मौके पर ही रुक गई। आसपास लोगों को आता देखकर पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। इसमें दीपक तथा उसके पिता इंद्र सिंह को भी चोट आई। हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। रेलवे पुलिस ने दीपक की शिकायत पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।