संवाद न्यूज एजेंसी
अलेवा। नगूरां गांव की पंचायत के लंबे प्रयास के बाद आखिरकार गांव के लोगों को फिरनी सौगात मिलेगी। इसके लिए सरकार ने एक करोड़ 39 लाख 75 हजार रुपये मंजूर किए हैं। इसका जल्द टेंडर लगेगा। यह फिरनी कैथल रोड, धनखेड़ी रोड होते हुए बधाना रोड तक बनेगी।
पंचायत विभाग की ओर से कैथल रोड से बधाना गांव तक फिरनी बनाने के लिए कई माह पूर्व प्रस्ताव सरकार के पास भेजा था। इस पर सरकार ने नगूरां गांव में कैथल रोड से बधाना रोड तक फिरनी बनाने की मंजूरी प्रदान कर दी है। यह फिरनी नगूरां, धनखेड़ी तथा बधाना गांव की सड़क को जोड़ेगी। हालांकि अभी भी उक्त फिरनी पर लोगों ने अवैध कब्जे किए हुए हैं। यह फिरनी तीन सड़कों को जोड़ने का काम करेगी। इस फिरनी के बन जाने के बाद धनखड़ी-बधाना जाने वाले लोगों को बाजार के अंदर से होकर नहीं जाना पड़ेगा और जिससे लोगों को समय की बचत भी होगी और इस फिरनी के बन जाने के बाद लोगों को काफी राहत होगी।
नगूरां गांव के सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप ने बताया कि लोगों की काफी वर्षों से मांग थी कि नगूरां बस स्टैंड से बाइपास होते हुए बधाना गांव की सड़क तक एक फिरनी का निर्माण किया जाए। फिरनी के निर्माण के लिए पंचायत ने जमीन पैमाइश करवाने के साथ-साथ अवैध कब्जाधारियों को सूचित कर दिया है। जल्द ही फिरनी के लिए टेंडर लगेगा।
वर्जन
पंचायती विभाग के जेई सूरज ने बताया कि नगूरां गांव में फिरनी बनाने के लिए सरकार से एक करोड़ 39 लाख 75 हजार मंजूर हुए हैं। इसके लिए जल्द टेंडर लगेगा। फिरनी के बन जाने के बाद नगूरां तथा आसपास गांव के लोगों को फायदा होगा।- सूरज, जेई, पंचायती विभाग