उचाना। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कहा कि जेजेपी (जननायक जनता पार्टी) विधानसभा चुनाव के बाद जमानत जब्त पार्टी के नाम से जानी जाएगी। उन्होंने कहा कि आप लोगों सभी पार्टियों को देख चुके। इस बार आम आदमी पार्टी को मौका देकर देखो। हरियाणा में अगली सरकार आम आदमी पार्टी के सहारे ही बनेगी। चड्ढा की मौजूदगी में में बुधवार को उचाना विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार पवन फौजी ने नामांकन किया।
इससे पूर्व पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और शहर में रोड शो निकाला। चड्ढा ने कहा कि पिछली बार उचाना की जनता ने जिस जेजेपी के वीआईपी उम्मीदवार को जिताया था, उसने जनता को ठगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी हरियाणा में है। ऐसा इसलिए है कि भाजपा के नेताओं ने हरियाणा के लोगों के वोट लेकर ठगने का काम किया, लेकिन इस बार बदलाव का समय है। पवन फौजी आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हैं, इन्होंने सीमा पर भी देश की रक्षा करने का काम किया। इस बार राजघरानों के चक्कर में पड़ना, बड़े परिवारों और बड़े नेताओं की बातों में मत आना।