जींद। पुलिस की ओर से पकड़ी गई गाड़ियों को बोली के दौरान सस्ते दाम में खरीदकर महंगे में बेचने का झांसा 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में सतपाल नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में शिव कॉलोनी निवासी रणधीर सिंह ने बताया कि उनकी दोस्ती अर्बन एस्टेट के मकान नंबर 2329 में किराये पर रहने वाले सतपाल से थी। सतपाल ने उन्हें बताया था कि वह पुलिस विभाग में है और उसकी ड्यूटी गोहाना में लगी है। सतपाल ने उनको बताया कि जुलाई के पहले सप्ताह में पुलिस की ओर से पकड़ी गई गाड़ियों की बोली होगी। वह महंगी गाड़ियों को सस्ते दाम में खरीदकर मुनाफे को आधा-आधा बांट लेंगे। उन्होंने बताया कि उसकी पुलिस के बड़े अधिकारी के साथ अच्छी बनती है, इसलिए वह ज्यादा गाड़ियां खरीदेगा। वह पुलिस का कर्मचारी होने के कारण खुद के नाम पर गाड़ी नहीं खरीद सकता। इसके चलते उसने उसका आधार व पैन कार्ड ले लिया। इसके लिए आरोपी ने उससे 15 लाख रुपये लिए। जुलाई में जब गाड़ी नहीं आई तो उसने उससे गाड़ी या फिर रुपये वापस देने के लिए कहा। इस पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चला गया। जब वह उसके किराये के मकान में रुपये लेने के लिए गया, तो वह मकान खाली करके कहीं दूसरी जगह जा चुका था। इसके बाद से आरोपी का मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है। सिविल लाइन थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सतपाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।