जींद। नए साल पर जींद के लोगों को अयोध्या और बनारस जाने के लिए सीधी ट्रेन मिलेगी। रेलवे ने टे्रन नंबर 13413-14 फरक्का एक्सप्रेस का विस्तार दिल्ली से जींद के रास्ते बठिंडा तक स्वीकृत कर दिया है।
ट्रेन का जींद के बाद उचाना, नरवाना और टोहाना में भी ठहराव होगा। इस ट्रेन के विस्तार से जींद के लोग सप्ताह में चार दिन अयोध्या और सातों दिन बनारस आ-जा सकेंगे। उत्तर रेलवे मुख्यालय द्वारा अब जल्द ही इस ट्रेन को बठिंडा तक चलाने के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। यह ट्रेन बठिंडा से चलकर जींद होते हुए पश्चिम बंगाल में मालदा टाउन तक जाएगी। फिलहाल ट्रेन नंबर 13413 फरक्का एक्सप्रेस से रात सात बजकर 35 मिनट पर मालदा टाउन से चलकर भागलपुर, सुल्तानगंज, पटना, आरा, वाराणसी, श्रीकृष्णा नगर, लखनऊ, अयोध्या, उन्नाव, कानपुर, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली पहुंचती है, जो अब सोनीपत, गोहाना, जींद, नरवाना, टोहाना, जाखल व मानसा के रास्ते बठिंडा जाएगी। वहीं ट्रेन नंबर 13414 रात पौने दस बजे दिल्ली से चलती है, जो गाजियाबाद, हाथरस, फिरोजाबाद, अकबरगंज के रास्ते सुबह सात बजकर 20 मिनट पर मालदा टाउन पहुंचती है। वहीं 13483 फरक्का एक्सप्रेस रात सात बजकर 35 मिनट पर मालदा टाउन से चलती है जो सुबह चार बजकर 55 मिनट पर दिल्ली पहुंचती है। वहीं ट्रेन नंबर 13484 रात नौ बजकर 40 मिनट पर दिल्ली से चलकर सुबह छह बजकर 50 मिनट पर मालदा टाउन पर पहुंचती है। अभी ट्रेन नंबर 13483 का जींद जंक्शन पर प्रस्तावित समय सुबह सात बजकर पांच मिनट पर है, जो दो मिनट के ठहराव के बाद आगे जाएगी। ऐसे ही ट्रेन नंबर 13484 का जींद जंक्शन पर रुकने का प्रस्तावित समय शाम छह बजकर 35 मिनट पर है जो दो मिनट के ठहराव के बाद दिल्ली की ओर जाएगी।
एसोसिएशन की मांग हुई पूरी
दैनिक रेलयात्री वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले दिनों एसोसिएशन के सदस्यों ने रेल अधिकारियों से दिल्ली में मुलाकात की थी। रेलवे ने टे्रन नंबर 13413-14 फरक्का एक्सप्रेस का विस्तार दिल्ली से जींद के रास्ते बठिंडा तक स्वीकृत कर दिया है। रेलवे मुख्यालय द्वारा इसको चलाने के दिन का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। एसोसिएशन ने रेलवे से उद्यान आभा टे्रन के विकल्प के तौर पर गाड़ी की मांग की थी जो काफी हद तक फरक्का एक्सप्रेस के विस्तार से पूरी होगी।
मालदा फरक्का एक्सप्रेस का विस्तार दिल्ली से बठिंडा तक होने का नोटिफिकेशन जारी हुआ है। इस ट्रेन का ठहराव जींद, उचाना, नरवाना और टोहाना में होगा लेकिन समय सारिणी को लेकर कोई पत्र जारी नहीं हुआ है। जैसे ही रेलवे की ओर से समय सारिणी जारी होगी तो यात्रियों को अवगत करवा दिया जाएगा।
जयप्रकाश, स्टेशन अधीक्षक जींद जंक्शन