24जेएनडी42: लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयहिंद सेना प्रमुख नवीन जय
जींद। जयहिंद सेना प्रमुख नवीन जयहिंद ने एसवाईएल के मुद्दे पर केजरीवाल सरकार की दोहोरी राजनीति पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि केजरीवाल व भगवंत मान जींद में 28 जनवरी को आएंगे तो एसवाईएल मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें।
उन्होंने कहा कि दोनों मुख्यमंत्री सिर्फ एक बयान दें कि एसवाईएल नहर का निर्माण करवाएंगे। हरियाणा की प्यास बुझाएंगे व सुप्रीम कोर्ट का निर्णय मानेंगे तो वे दोनों मुख्यमंत्रियों को एक–एक लाख रुपये इनाम में देंगे। नवीन जयहिंद बुधवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग गद्दार नहीं, बल्कि खुद्दार हैं। किसान आंदोलन में हरियाणा के लोगों ने पंजाब के किसानों को दूध पिलाया तो पंजाब अब हरियाणा के किसानों को हक का पानी तो दे ही सकता है। वैसे भी पंजाब की जनता हरियाणा को पानी देना चाहती है, लेकिन राजनीतिक दल इस पर सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। हरियाणा के किसान दूध या दारू नहीं पानी मांग रहे हैं, वो भी जो सुप्रीम कोर्ट के आदेश में कहा गया है।
उन्होंने कहा कि एसवाईएल का पानी हरियाणा का हक है। कोई भीख नहीं। ये कुछ राजनीतिक लोग लोकतंत्र को लठतंत्र बना रहे हैं और एसवाईएल के मुद्दे को वोट तंत्र बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा तो मुख्यमंत्री भगवंत मान की ससुराल है फिर भी यहां के लोगो के साथ इतना भेदभाव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 22 में से 17 जिलों में पानी की कमी है, जिसमें सबसे ज्यादा पानी की कमी से प्रभावित जिला जींद है। इन सभी जिलों में लोग जहरीला पानी पी रहे हैं, जिससे उनको कई बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है, जैसे लोगों के समय से पहले बाल सफेद व गंजे हो जाते हैं। 80 प्रतिशत हरियाणा के गांवों में भूमिगत जलस्तर (चौवा) एक हजार फीट नीचे जा चुका है। इससे किसानों को खेती व आम जनता को पानी की समस्या हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर एसवाईएल का पानी हरियाणा को मिले तो 40 लाख टन अनाज किसान हर साल उगाकर जनता का पेट भर सकता है।
24जेएनडी42: लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयहिंद सेना प्रमुख नवीन जय