25जेएनडी20: डॉ. राखी आंगनबाड़ी में महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए। संवाद
जींद। सफीदों के रड़ा मोहल्ले की आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और संतुलित खानपान के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. राखी ने महिलाओं को बदलते मौसम के अनुसार खानपान में जरूरी बदलाव करने के साथ स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक एवं प्रोटीन युक्त आहार जरूरी है। इस दौरान दूध और घी के सेवन को भी महत्वपूर्ण बताया। महिलाओं को हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल, अंकुरित अनाज और मोटे अनाज को भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। मोटे अनाज से मिलने वाले पोषक तत्वों और इसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। डॉ. राखी ने गर्भावस्था में एनीमिया समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी सेहत को नजरअंदाज न करें और खानपान की आदतों को लेकर जागरूक रहें। इस दौरान हेल्दी रेसिपी, दिनचर्या और ऋतुचर्या के साथ शरद ऋतु में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर भी चर्चा की गई।