उचाना। फसल के मुआवजे में हुए गोलमाल मामले में राजस्व विभाग के पटवारी के खिलाफ दर्ज मामले में गिरफ्तारी की मांग को लेकर संयुक्त किसान, मजदूर मोर्चा उचाना की अगुवाई में किसानों ने प्रदर्शन किया।
डीएसपी नरसिंह को ज्ञापन सौंप कर आरोपित पटवारी की गिरफ्तारी की मांग की। आजाद पालवां ने कहा कि नायब तहसीलदार प्रतीक की शिकायत पर उचाना पुलिस द्वारा पटवारी सन्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया हुआ है। इस मामले की गहनता से जांच करने के साथ-साथ आरोपित पटवारी को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस जांच में ये भी पता लगाए कि कौन-कौन इस मामले में शामिल है। जितने भी दोषी मिले उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए और मुआवजा की राशि वितरित न होने के चलते वापिस भेजी गई है वो भी वापिस प्रशासन मंगवा कर जिन किसानों को ये मुआवजा राशि मिलनी है उन्हें दी जाए।
मुआवजा राशि में बड़ा गोलमाल हुआ है। जिस किसान को मुआवजा मिलना चाहिए था उसकी बजाए दूसरे के बैंक खाते में राशि मुआवजा की डाल कर गोलमाल किया गया।