जींद। इंटरनेट की दुनिया से हटकर बच्चों में पत्र लिखने की कला को पैदा करने के लिए डाक विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर पत्र लेखन प्रतियोगिता शुरू की है। इस प्रतियोगिता का विषय डिजिटल इंडिया फॉर न्यू इंडिया रहेगा। डाक विभाग ने इस प्रतियोगिता को ढाई आखर नाम दिया है। हालांकि यह प्रतियोगिता लगभग शुरू हो चुकी है। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रतिभागी को डिजिटल इंडिया फॉर न्यू इंडिया विषय पर पत्र लिखना होगा और यह पत्र डाक विभाग के पते सीपीएनजी हरियाणा 133001 पर भेजना होगा। यह पत्र 31 अक्टूबर तक डाक विभाग के पते पर पहुंचना जरूरी है। देरी से पहुंचने पर फिर पत्र को प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विजेताओं के लिए डाक विभाग की ओर से पुरस्कार राशि का भी प्रावधान किया गया है। इसमें मंडल स्तर और नेशनल स्तर के लिए अलग-अलग पुरस्कारों की राशि रखी गई है। यह प्रतियोगिता प्रथम 18 वर्ष की आयु सीमा तक के लोगों के लिए और द्वितीय 18 वर्ष से अधिक आयु सीमा के लोगों के बीच होगी। पत्र हिंदी, अंग्रेजी और अपनी स्थानीय भाषा में भी लिखा जा सकता है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य इंटरनेट के जमाने में युवाओं की लिखने के प्रति रूचि कम होती जा रही है। युवा केवल परीक्षाओं में ही लेखन का कार्य करते हैं।
पत्र में शब्दों का भी रखना होगा विशेष ध्यान
प्रतियोगिता में शब्दों का विशेष ध्यान रखना होगा। यह पत्र सादे ए-4 आकार के कागज पर लिखा जा सकता है जो एक हजार शब्दों से अधिक नहीं होने चाहिए या फिर अंतर्देशीय पत्र कार्ड (एलआईसी) में 500 से अधिक शब्द नहीं होने चाहिए। प्रतिभागी को अपने हाथों से लिखना होगा। इसमें केवल हाथों से लिखे पत्र ही मान्य होंगे। टाइप किया हुआ पत्र मान्य नहीं होगा। पत्र लिखने वाले प्रतिभागी अपने पत्रों को 31 अक्टूबर तक नजदीकी डाकघर में जमा करवा सकते हैं।
प्रतिभागी को देना होगा आयु का प्रमाण पत्र
पत्र लेखन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को पत्र के साथ आयु का प्रमाण पत्र भी देना होगा। प्रतिभागी की उम्र का एक अगस्त 2023 से अनुमान लगाया जाएगा। मंडल स्तर पर हर श्रेणी में विजेताओं को 25 हजार रुपये का पहला पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा दूसरे स्थान पर आने वाले को 10 हजार और तीसरे नंबर पर आने वाले विजेता को पांच हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम विजेता को 50 हजार रुपये का पुरस्कार, द्वितीय स्थान पर आने वाले 25 हजार और तीसरे स्थान पर आने वाले विजेता को 15 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा।
डाक विभाग ने पत्र लेखन प्रतियोगिता शुरू की है। प्रतिभागी को डिजिटल इंडिया फॉर न्यू इंडिया विषय पर पत्र लिखना होगा और उसे 31 अक्टूबर तक नजदीकी डाकखाने में जमा करवाना होगा। चयनित होने पर प्रतिभागियों को इनामी राशि भी दी जाएगी।
-संजीव कुमार, पोस्टमास्टर, डाकखाना जींद