उचाना। उपमंडल कार्यालय में शुक्रवार को उचाना ब्लॉक के पंचों ने कार्यकारिणी का गठन करते हुए सर्वसम्मति से सतपाल बुडायन को उचाना ब्लॉक का प्रधान चुना। इस दौरान उचाना ब्लॉक के पंचों ने मांगों को लेकर सीएम नायब सिंह सैनी के नाम एसडीएम गुलजार मलिक को ज्ञापन सौंपा।
उचाना ब्लॉक पंचों के प्रधान सतपाल बुडायन ने कहा कि पंचायत गांव की छोटी सरकार होती है। पंचों की संख्या सरपंचों से अधिक होते हुए भी उनकी अनदेखी की जाती है। पंचों को उचित मान-सम्मान एवं अधिकार दिए जाएं। उन्होंने कहा कि पंच का मानदेय 4500 रुपये मासिक किया जाए। सरपंच की तरह समय अवधि एवं कार्यकाल पूरा होने पर पंच को मानदेय दिया जाए। पंच को खुद के वार्ड की तसदीक एवं विकास कार्य की अनुमति प्रदान करने का अधिकार दिया जाए। पंच का स्वास्थ्य बीमा, सरपंच की तरह लेटर पैड एवं स्टंप लागू किया जाए। सभी पंचों को पंचायत में अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी दी जाए। पंचों को भी सरपंचों की तरह टीए, डीए दिया जाए। पंचायत की सभी मीटिंगों में ग्राम सचिव की अध्यक्षता और सभी पंचों की मौजूदगी में होनी चाहिए। पंचायत पंचों को भी स्वयं के लिए कुर्सी, अलमारी देने, पंचों को लैपटाप, स्मार्ट फोन दिए जाएं।
सतपाल बुडायन बने प्रधान
उपमंडल कार्यालय में एकत्रित उचाना ब्लॉक के पंचों ने कार्यकारिणी का गठन किया। सतपाल बुडायन को प्रधान चुना गया। शीशपाल सुंदपुरा, सुखविंद्र काकड़ोद को उप प्रधान, प्रदीप डूमरखा खुर्द को सचिव, मोहन लाल अलीपुरा को महासचिव, बिट्टू माजरा को कोषाध्यक्ष, पवन कुमार डाहोला को प्रवक्ता, सुमित तारखा को सलाहकार, असरित, सुमित बुडायन, नरेश, मनप्रीत, अशोक तारखा, विनोद, रामफल डूमरखा खुर्द, सुरेश, अजरुदीन काकड़ोद, राजबीर सुरबरा को मुख्य कार्यकारिणी में शामिल किया।
02जेएनडी19: उपमंडल कार्यालय पहुंचे उचाना ब्लॉक के पंच। संवाद