जींद। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की तरफ से आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलो हरियाणा खेल प्रतियोगिता शुक्रवार को अर्जुन स्टेडियम में शुरू हुई। इसका शुभारंभ जींद के विधायक डॉ. कृष्णलाल मिड्ढा ने किया। इसमें रोइंग में पलक ने दौड़कर सेमीफाइनल मुकाबले में जगह बनाई।
इस अवसर पर खेल विभाग की सहायक निदेशक लक्ष्मी पंत, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी कुमारी संतोष धीमान भी शामिल रहीं। इस दौरान विधायक डॉ. मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों का एक ऐसा माहौल तैयार हुआ है कि आज हरियाणा का दूसरा नाम मेडल की खान बन चुका है। प्रदेश के खिलाड़ी लगातार ओलंपिक व अन्य अंतराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में पदक जीत कर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार की नई खेल नीति व आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की बदौलत प्रदेश के खिलाड़ी हरियाणा का नाम विश्वपटल पर चमका रहे हैं। आज हरियाणा खेल क्षेत्र में अपनी एक अनूठी पहचान बना चुका है।
कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर बच्चों में खेल संस्कृति को लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से राज्य में खेल नर्सरियां स्थापित कर रही हैं। इस कड़ी में प्रदेश में सरकारी तथा निजी शिक्षण संस्थानों, निजी खेल एकेडमियों, निजी खेल प्रशिक्षण केंद्र में खेल नर्सरियां स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। गांवों में युवा क्लबों का गठन किया गया है। अनुसूचित खिलाड़ी खेल छात्रावास स्थापित किए जा रहे हैं। राज्य सरकार खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए विजेता खिलाड़ी को सर्वाधिक पुरस्कार राशि दी जा रही है। पैरालंपिक खिलाड़ियों को भी ओलंपिक पदक विजेताओं की तर्ज पर तथा प्रतिभागिता करने पर सामान्य खिलाड़ियों की भांति समान नकद पुरस्कार प्रदान किए जाने का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा, प्रत्येक प्रतिभागी खिलाड़ी को लाखों रुपये की राशि देने का भी प्रावधान किया गया है। प्रशिक्षण के साथ-साथ खिलाडियों की खुराक में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे इसलिए, खिलाड़ियों की खुराक राशि को बढ़ाया गया है। हरियाणा सरकार की खेल नीति खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, अधिकतम नकद पुरस्कार प्रदान करने तथा नौकरी में आरक्षण आदि सुविधाओं के कारण पूरे देश में उत्तम है।
ये रहे परिणाम
रोइंग में जींद की टीम प्रथम दौड़ जीतकर सीधे सेमीफाइनल में पहुंची है। लड़कियों के सिंगल में पलक चहल, लड़कियों के डबल सकल में पलक चहल व दीप्ति, लड़कियों के फोर इवेंट में महक, सुमन, सविता, रिया, लड़कों में डबल सर्कल में राहुल नैन व आशीष रेढू लड़कों में सिंगल राहुल ने दौड़ जीत कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। चरखी दादरी से प्रतिभा व रितिका व लड़कों के पेयर में लक्ष्य व तानीष ने तथा हिसार के रितेश, तरुण, विजय व साहिल ने सेमीफाइनल में सीधे दौड़ जीत कर जगह बनाई । बाकी सभी इवेंट की कल दोबारा रेस होगी। सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका है।