फोटो 7 नरवाना। नईं अनाज मेला मंडी में धान से भरे बेगो के ढेर। संवाद।
नरवाना। नरवाना की अनाज मंडियों में धान का उठान धीमी गति से होने के कारण किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। मंडियों में धान की ढेरियां जमा होने से जगह की कमी हो गई है और कई स्थानों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। नई फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को देखते हुए सोमवार को एसडीएम जगदीश चंद्र ने लघु सचिवालय में खरीद सीजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की और संबंधित अधिकारियों को उठान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में मार्केट कमेटी के अधिकारियों, खरीद एजेंसियों और ट्रांसपोर्टरों के साथ धान की खरीद, उठान और भुगतान की स्थिति पर चर्चा की गई। एसडीएम ने कहा कि मंडियों में खरीदे गए धान का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए ताकि मंडियों में अनावश्यक रूप से फसल जमा न हो और किसानों को अपनी उपज लेकर आने में परेशानी न हो। उन्होंने खरीद एजेंसियों और ट्रांसपोर्टरों को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने मंडियों में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने को भी कहा। इस दौरान नायब तहसीलदार रणवीर सिंह, बीडीपीओ तरुण सुथार, सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी अजय कुमार, वेयरहाउस निरीक्षक पवन कुमार, मार्केट कमेटी सचिव रोशन लाल और ट्रांसपोर्टर जोरा सिंह डुमरखा मौजूद रहे।