जींद में मालिक के डीजल चोरी के लगाए आरोपों से आहत होकर एक ट्रक चालक ने जहर निगलकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि मालिक ने चालक को जाति सूचक गालियां दीं, उसका वीडियो भी बनाया। इससे चालक मनसिक रूप से परेशान था। घटना की सूचना पर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया।
नगूरां निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके पिता 52 वर्षीय रामफल, उझाना निवासी सुरेंद्र के ट्रक पर चालक की नौकरी करते थे। सुरेंद्र ने उसके पिता पर गाड़ी से 30 लीटर डीजल चोरी करने का आरोप लगाया था। यही नहीं मालिक ने उनकी वीडियो भी बनाई थी, और सरेआम उन्हें जातिसूचक गालियां भी दी थीं।
इन आरोपों से उनके पिता को गहरा सदमा लगा था। वह मानसिक रूप से परेशान हो गए थे। इसी दुख के कारण उन्होंने 11 जून को खेत में जाकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रदीप ने आरोप लगाया कि गाड़ी मालिक सुरेंद्र के डीजल चोरी के आरोप लगाने और वीडियो बनाने से परेशान होकर उसके पिता ने यह कदम उठाया।
मृतक के बेट प्रदीप की शिकायत पर गाड़ी मालिक सुरेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-नफे सिंह, जांच अधिकारी अलेवा थाना