जुलाना। क्षेत्र के किनाना गांव में शराब के ठेके विरोध में ग्रामीणों का धरना चौथे दिन भी जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक शराब का अवैध खुर्दा गांव से उठाया नहीं जाता तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
रविवार को गांव किनाना में सरपंच कविता देवी के नेतृत्व में काफी संख्या में ग्रामीण महिला गांव में स्थिति सब ठेके पर पहुंची। यहां पर सब ठेका खुलने से नाराज ग्रामीणों ने काफी समय तक हंगामा मचाया। जिसके बाद ग्रामीण महिलाओं ने सब ठेके पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गई। किनाना गांव निवासी सुरेंद्र आर्य, मामू धानिया, रामपाल, रिषीपाल, राजेश, हरिओम शर्मा व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सब ठेके बंद किए जाने को लेकर ग्राम पंचायत ने पहले ही लिखित रूप प्रशासन को सूचित किया था, लेकिन उसके बावजूद गांव में मैन शराब ठेका के साथ साथ गांव बराड़-बुआना रोड पर सब ठेका खोल दिया गया हैं, जबकि गांव की महिलाओं को यहीं से आना जाना रहता हैं। शराब के नशे में असामाजिकतत्व गांव की महिलाओं से छींटाकसी करते हैं। महिलाओं का इस ओर से गुजरना दूभर हो गया है। धरने पर ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया। बुधवार को किनाना गांव की सरपंच कविता देवी ने शराब का ठेका हटाने की शिकायत डीसी को दी।