जींद। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य तेजी से जारी है। यह अभियान 30 मई तक पूरा किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर-घर पहुंच रहे प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी देकर राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें। डीसी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान किसी भी नागरिक से ओटीपी, बैंक खाता संबंधी जानकारी या अन्य दस्तावेज नहीं मांगे जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। मकानों की स्थिति, परिवार की मूल जानकारी और उपलब्ध सुविधाओं का डाटा मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है, जिसकी कई स्तरों पर जांच होगी। उन्होंने बताया कि जिले में इस कार्य के लिए 2268 प्रगणकों और 378 सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है। जनगणना के दौरान एकत्रित सभी आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे और उनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं व नीतियों के निर्माण में किया जाएगा।