जींद। एक अप्रैल से बढ़ने वाले टोल टैक्स के रेट आगामी आदेशों तक नहीं बढ़ पाएंगे। रात को ही इन रेटों को पहले की तरह लागू रखने के निर्देश जारी हो गए थे। इसलिए फिलहाल वाहन चालकों को पहले की बजाय ज्यादा पैसे नहीं देने पड़ेंगे।
जींद जिला में तीन टोल हैं। दिल्ली-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग 352 पर खटकड़ टोल, हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे 152 पर बद्दोवाल टोल तथा जींद-गोहाना सोनीपत नेशनल हाइवे 352 पर लुदाना टोल बना हुआ है। इसके अलावा जींद-करनाल और जींद-भिवानी मार्ग पर भी टोल प्लाजा है लेकिन यह दूसरे जिले की सीमा में हैं। प्रतिदिन इन टोलों से हजारों वाहन गुजरते हैं। नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया द्वारा हाईवे पर दो से पांच प्रतिशत टोल रेट बढ़ाने के पहले निर्देश जारी किए थे, लेकिन यह रेट वापस ले लिए गए। फिलहाल पहले वाले रेट ही लागू रहेंगे। खटकड़ टोल प्लाजा मैनेजर विजय ने बताया कि फिलहाल नए रेट लागू नहीं होंगे। पहले वाले रेट ही लागू रहेंगे। जब नए आदेश आएंगे, तभी रेट बढ़ाए जाएंगे।