30जेएनडी29: पुलिस गिरफ्त में पकड़ा गया आरोपी। स्वयं।
जींद। ट्रक के आगे गाड़ी लगाकर लूटने के एक आरोपी को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पटियाला चौक स्थित सावित्री नगर निवासी रवि के रूप में हुई है। आरोपी अदालत से पीओ घोषित था।
पंजाब के कपूरथला जिला के हमीरा गांव निवासी भजन सिंह ने शहर थाना पुलिस को 17 सितंबर 2018 को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने ट्रक में केजे इंटरनेशनल फैक्टरी जालंधर से लोहे की प्लेट लोड करके फरीदाबाद जा रहा था। जब वह रात के समय शहर के करीब पहुंचा तो ट्रक के आगे कार लगाकर उसे रोक लिया गया। कार से 4-5 लड़के उतरे। उनमें से एक ने पिस्तौल ली हुई थी। उन्होंने उसे नीचे उतार लिया और मारपीट कर उसे वहीं छोड़कर ट्रक लेकर चले गए। उसने थाना शहर जींद में मामला दर्ज करवाया। पुलिस प्रवक्ता अमित खर्ब ने बताया कि इस मामले में पहले पांच आरोपियों विरेंद्र उर्फ काका, कुलदीप, मनोज, नवीन, मनजीत उर्फ सोनू की गिरफ्तारी कर ली गई थी। छीनी गई गाड़ी को बहादुरगढ़ बाईपास से बरामद कर लिया गया था। सीआईए स्टाफ ने इस मामले में अब रवि को गिरफ्तार कर लिया है।
30जेएनडी29: पुलिस गिरफ्त में पकड़ा गया आरोपी। स्वयं।