जींद। सीआईए स्टाफ ने बीबीपुर बस अड्डे पर 30 बोर के अवैध पिस्तोल और कारतूस के साथ एक युवक को काबू किया है। आरोपी की पहचान बीबीपुर गांव निवासी सौरभ के तौर पर हुई। सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सीआईए स्टाफ इंचार्ज उपनिरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में बुधवार शाम को सीआईए टीम बस अड्डा घिमाना पर मौजूद थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि बीबीपुर गांव निवासी सौरभ अवैध पिस्तोल लिए हुए है और वह बीबीपुर गांव के बस अड्डे पर खड़ा है। इस सूचना पर टीम तुरंत बीबीपुर बस अड्डे के पास पहुंची तो वहां एक युवक दिखाई दिया जो पुलिस को आता देखकर गांव की तरफ जाने लगा। तभी टीम ने पीछा कर युवक को काबू कर लिया। तलाशी ली तो उसके कब्जे से 30 बोर का अवैध पिस्तोल बरामद हुआ, जब उसको खोलकर चेक किया तो उसमें एक कारतूस लोड मिला। सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।