फोटो 20जेएनडी06-खरकरामजी में विश्व मच्छर दिवस पर हुए कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्यकर्मी और अन्य
जींद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरकरामजी में विश्व मच्छर दिवस पर मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम और जनजागरूकता को लेकर कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुपरवाइजर तेजवीर सिंह और विजेंद्र सिंह ने की। उन्होंने कहा कि मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए मच्छरों के प्रजनन को रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लोगों को घरों और आसपास पानी जमा न होने देने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक करें। कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायरों, डिब्बों और अन्य जल पात्रों की नियमित जांच करवाने के साथ जमा पानी को तुरंत खाली करवाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है। प्रत्येक परिवार सप्ताह में कम से कम एक बार घर और आसपास जमा पानी की जांच करे।