जींद। आईटीआई (राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) में रिक्त सीट पर विद्यार्थियों को दाखिला देने के लिए अंतिम तिथि 30 सितंबर तक बढ़ा दी है। खाली सीटों पर दाखिला के लिए पोर्टल पर नए आवेदन अथवा रजिस्ट्रेशन पांच सितंबर से 30 सितंबर तक करते हुए संस्थान स्तर पर ऑन द स्पॉट दाखिला दिया जाएगा। इसके लिए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण के महानिदेशक ने पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं।
दाखिला पोर्टल पर ऑनलाइन दाखिला फीस जमा करवाने के बाद ही दाखिला ही वैध माना जाएगा। सत्र 2024-25 में दाखिल प्रशिक्षणार्थी निश्चित तिथि तक अथवा उसके उपरांत भी संस्थान में रिपोर्ट नहीं करता और लगातार संस्थान से अनुपस्थित रहता है तो संबंधित संस्थान उनसे संपर्क करते हुए, उन्हें नियमित रूप से कक्षा में उपस्थित होने बारे निर्देश देकर स्थिति जान सकता है। इसके उपरांत भी कोई प्रशिक्षणार्थी लगातार संस्थान से अनुपस्थित रहता है तो उस स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई करने के उपरांत नाम काटकर रिक्त सीट के प्रति नया दाखिला करना सुनिश्चित करना होगा। जिलेभर की 25 राजकीय व निजी आईटीआई में 5244 सीटों पर दाखिले होने थे, लेकिन अभी भी आईटीआई में विभिन्न ट्रेड में 30 प्रतिशत सीट खाली हैं।
आईटीआई में खाली बचीं सीट पर अब फिर दाखिले होंगे। खाली सीटों पर दाखिला के लिए पोर्टल पर नए आवेदन पांच सितंबर लेकर 30 सितंबर तक करते हुए संस्थान स्तर पर ऑन द स्पॉट दाखिला किया जा सकता है। दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं और दस्तावेजों के साथ ऑन द स्पॉट आईटीआई में दाखिले होंगे।
अनिल कुमार गोयल, प्राचार्य, आईटीआई, जींद।