जींद। जिले में दूसरे दिन पंचायत समितियों के लिए 35 लोगों ने नामांकन किए, जबकि चार लोगों ने शुक्रवार को नामांकन किए थे। कुल मिलाकर अब तक जिले में 39 लोगों के नामांकन आए हैं। अकेले अशरफगढ़ गांव से चार लोगों ने सरपंच पद के लिए नामांकन दाखिल किए हैं। जिला परिषद के लिए अब तक चार लोगों ने नामांकन दाखिल किए हैं। ब्लॉक समिति सदस्य के लिए 12 ने, पंच के लिए सात ने तथा सरपंच के लिए 16 लोगों ने अब तक आवेदन किए हैं। रविवार को छुट्टी होने के कारण नामांकन प्रक्रिया नहीं होगी। शनिवार को भी काफी लोग न्यायिक परिसर में शपथ-पत्र बनवाते नजर आए।
जिला परिषद के वार्ड नंबर 15 से कविता देवी, वार्ड नंबर 24 से पूजा, वार्ड नंबर 25 से नरेंद्र कुमार ने शनिवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसी प्रकार ब्लॉक समिति के वार्ड नंबर सात, वार्ड नंबर 17, वार्ड नंबर 26, वार्ड नंबर 10, वार्ड नंबर नौ, वार्ड नंबर 16, वार्ड नंबर 24, वार्ड नंबर पांच व वार्ड नंबर 19 से नामांकन पत्र दाखिल हुए। पंच के लिए अब तक सात लोगों ने ही आवेदन किए हैं जबकि जिले में 3544 पंच चुने जाने हैं। सरपंच पद के लिए अकेले अशरफगढ़ गांव से ही चार लोगों ने आवेदन किए हैं। अब तक अशरफगढ़ से चार, अलेवा, बिरोली, रधाना, रामगढ़, पोली तथा शामलो कलां से एक-एक व्यक्ति ने सरपंच पद के लिए आवेदन किया है।
दिनभर न्यायिक परिसर में रही लोगों की भीड़
नामांकन पत्र दाखिल करवाने के लिए काफी कागजी कार्रवाई पूरी करनी पड़ती है। शनिवार को भी काफी लोग अपनी कागजी कार्रवाई पूरी करवाने में लगे रहे। न्यायिक परिसर में दिनभर लोगों की भीड़ शपथ पत्र बनवाने के लिए लगी रही। न्यायिक परिसर में जितने भी टाइपिस्ट बैठे हुए थे, सभी के पास दस से 12 लोग शपथ-पत्र बनवाने के लिए खड़े रहे। कई-कई देर बाद ही लोगों के नंबर शपथ बनवाने के लिए आ रहे थे।
जांच टेबलों पर दिखाई दिए प्रत्याशी
डीसी ऑफिस व बीडीपीओ ऑफिस के बाहर नामांकन पत्रों की जांच के लिए जो टेबल लगाई थी, उनपर शनिवार को कुछ लोग दिखाई दिए। शुक्रवार को यहां बैठे कर्मचारी बिल्कुल खाली नजर आए लेकिन शनिवार को यह कर्मचारी नामांकन पत्रों की जांच करते आए। यहां पर एक से चार तक टेबल लगाई गई हैं। सभी टेबलों पर प्रत्याशी को अपने नामांकन पत्र की जांच करवानी होती है।