राखी के त्योहार पर बहनों की राखी को भाईयों तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने वाटरप्रूफ और आकर्षक लिफाफे जारी किए हैं। अब दूर दराज क्षेत्र में रहने वाली जो बहनें अपने भाइयों के पास राखी बांधने के लिए नहीं जा सकती उनको अब चिंता करने की जरूरत नहीं है। ऐसी बहनें घर बैठे दूरदराज रह रहे भाइयों को राखी भेज सकती हैं। डाक विभाग इस बार वाटरप्रूफ और आकर्षक लिफाफों में राखी को उनके भाइयों तक पहुंचाएगा। विभाग के किसी भी काउंटर से उपभोक्ता यह लिफाफा ले सकता है। मुख्य डाकघर में इस समय पर्याप्त संख्या में लिफाफे मौजूद हैं। यदि रक्षाबंधन के लिफाफों की मांग बढ़ती है तो विभाग द्वारा स्टाक बढ़ा दिया जाएगा। लिफाफों का साइज सामान्य लिफाफों से बड़ा व रंगीन होने के बावजूद इसका मूल्य दस रुपये रखा गया है। जबकि सामान्य लिफाफे का मूल्य पांच रुपये है। यह लिफाफा पानी लगने पर गलकर फटता नहीं है। वाटरप्रूफ होने के कारण इस लिफाफे को सैनिटाइज भी किया जा सकता है। इस लिफाफे पर राखी भी बनाई गई है जिससे लिफाफा और भी आकर्षक लग रहा है।
डाक विभाग द्वारा रक्षा बंधन के त्योहार को ध्यान में रखते हुए वाटरप्रूफ व आकर्षक लिफाफों में बहनों की राखी भाइयों तक पहुंचाएगा। उपभोक्ता स्पेशल लिफाफा ले सकता है। रक्षा बंधन पर डाक विभाग ने उन बहनों की मदद करने की योजना बनाई है जो अपने भाइयों से दूर हैं।
-संजीव कुमार, पोस्ट मास्टर, मुख्य डाकघर, जींद।