बारिश के बाद अर्बन एस्टेट में सड़क पर भरे पानी से निकली कार और स्कूटी सवार युवती। संवाद
- फोटो : Jind
दोपहर बाद शुक्रवार को हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है। बारिश होने पर अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। पूरे दिन आकाश में बादल छाए रहे। इस बारिश से धान, कपास और बाजरे की फसल को कोई नुकसान नहीं है। किसानों को चाहिए कि वह मौसम को देखते हुए सिंचाई व स्प्रे करें। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आर्द्रता 86 प्रतिशत तथा हवा की गति आठ किलोमीटर प्रति घंटा रही। शुक्रवार को जिले में औसतन 19.4 एमएम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आठ सितंबर तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। छह सितंबर को गरज व चमक के साथ बारिश हो सकती है। पिछले तीन दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ है। कभी बूंदाबांदी तो कभी तेज बारिश हो रही है। शुक्रवार को सुबह बूंदाबांदी हुई तो दिन में तेज बारिश शुरू हो गई। जोकि रुक-रुक कर जारी रही। इसके अलावा ठंडी हवाएं लगातार चलती रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले एक सप्ताह तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इसलिए धान, कपास व बाजरा उत्पादक किसान मौसम को देखते हुए सिंचाई व स्प्रे करें। बारिश धान, गन्ना व पशुचारे के लिए लाभकारी है। पांडु पिंडारा कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजेश ने बताया कि आठ सितंबर तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा और छह सितंबर को गर्जन व चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। किसानों को चाहिए कि वह लगातार खेतों का निरीक्षण करते रहें।