05जेएनडी06: लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों की बैठक
जींद। जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि शराब की अवैध बिक्री पर आबकारी विभाग के अधिकारी नजर रखें। समय-समय पर अधिकृत शराब ठेकों का रिकॉर्ड भी जांचें। जिले में किसी भी स्थिति में जीएसटी चोरी की शिकायत एवं अवैध शराब नहीं मिलनी चाहिए। यदि कहीं भी अवैध शराब पाई जाए तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान जिले में शराब की अवैध बिक्री, भंडारण एवं आपूर्ति पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए उचित कदम उठाए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव के दौरान जिले में कहीं भी शराब की अवैध बिक्री या भंडारण नहीं होना चाहिए। यदि कोई इस कृत्य में संलिप्त मिलता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी। इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने बाहर से आने वाली अवैध शराब को रोकने के लिए अंतरराज्यीय नाकों पर पुलिस अधिकारियों, एफएसटी और एसएसटी टीमों का भी गठन किया गया है, जो वाहनों की जांच करेंगीं। अवैध शराब मिलने पर वाहन चालक के साथ मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। जिस भी डिस्टलरी की होगी उस पर भी कार्रवाई सुनिश्चित होगी। नाकों पर तैनात टीमों के साथ लोकल एसएचओ व चौकी इंचार्ज के अलावा एक्साइज इंस्पेक्टर अपने क्षेत्रों में ऐसी हर गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्य करें, ताकि चुनाव की पवित्रता को बरकरार रखा जा सके। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान आबकारी एवं कराधान विभाग हरियाणा शराब के अवैध परिवहन के संबंध में शिकायतों के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि आबकारी एवं कराधान विभाग हरियाणा मुख्य कार्यालय पंचकूला राज्यस्तरीय नियंत्रण रखने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। लोकसभा आम चुनाव 2024 के दौरान आचार संहिता लागू होने के दौरान हरियाणा राज्य में अवैध शराब, बिक्री और नकली शराब से संबंधित शिकायतें प्राप्त कर कक्ष में दे सकते हैं। इस अवसर पर एडीसी हरीश वशिष्ठ, जींद के एसडीएम राकेश सैनी, नरवाना के एसडीएम अनिल कुमार दून, सफीदों के एसडीएम मनीष कुमार फोगाट, नगराधीश नमिता कुमारी, डीईटीसी डॉ. शफीक महोम्मद, डीटीसी (आबकारी) विजय कौशिक, चुनाव नायब तहसीलदार प्रदीप सरोहा मौजूद थे।