जींद। जलेबी चौक पर बनी अस्थायी गोशाला को हटवाने पहुंचे नगर परिषद के अधिकारियों को बुधवार को खाली हाथ लौटना पड़ा। नगर परिषद के ईओ सुशील भुक्कल धरने पर बैठे दंडी स्वामी से बातचीत करने पहुंचे थे। उन्होंने स्वामी को बताया कि दो दिसंबर तक गोशाला हटानी होगी, क्योंकि इस संबंध में नगर परिषद को अदालत में जवाब दाखिल करना है। इस पर दंडी स्वामी ने स्पष्ट कहा कि गोशाला किसी भी कीमत पर नहीं हटाई जाएगी। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने पर अधिकारी वापस लौट गए। गौरतलब है कि गोशाला को लेकर नगर परिषद और दंडी स्वामी के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। प्रशासन की ओर से पहले गोशाला में तोड़फोड़ की कार्रवाई भी की गई थी लेकिन इसके बावजूद धरना जारी है। नगर परिषद ईओ सुशील भुक्कल ने कहा कि दंडी स्वामी ने गोशाला हटाने से मना कर दिया है। अब प्रशासनिक स्तर पर ही कार्रवाई को लेकर आगामी निर्णय लिया जाएगा। संवाद