जींद। डीआरडीए हॉल में बुधवार जिला परिषद चेयरपर्सन और वाइस चेयरपर्सन का चुनाव होना था लेकिन कोई भी पार्षद बैठक में नहीं पहुंचा। यहां रिटर्निंग अधिकारी व चुनाव से जुड़े अन्य अधिकारी एक बजे तक इंतजार करने के बाद वापस लौट गए। रिटर्निंग अधिकारी जिला परिषद के सीईओ विनेश कुमार ने बैठक स्थगित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अगली बैठक पांच जनवरी को करवाने के निर्देश जारी कर दिए। अब अगली बैठक में कोरम पूरा करने जैसे कोई नियम नहीं रह जाएंगे। पांच जनवरी की बैठक में जितने भी पार्षद आएंगे, उनमें से जिसके पास बहुमत होगा, वह चेयरपर्सन बनेगा।
सीईओ विनेश कुमार ने बताया कि सुबह ठीक 11 बजे जिला परिषद चेयरपर्सन व वाइस चेयरपर्सन के चुनाव को लेकर बैठक शुरू हो गई थी। एडीसी के छुट्टी पर होने के कारण जिला परिषद के सीईओ विनेश कुमार को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया था। इसके अलावा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, जिला परिषद कार्यालय अधीक्षक महावीर शर्मा, योजना अधिकारी मुकेश कुमार, बीएओ सूरजमल, नायब तहसीलदार चुनाव खेमचंद सैनी, कानून चुनाव कार्यालय ऊषा देवी, एपीओ जितेंद्र, पंचायती राज कार्यालय के कनिष्ठ अभियंता जगबीर सिंह समेत अन्य अधिकारी ठीक 11 बजे बैठक में पहुंच गए और कार्रवाई शुरू कर दी। लगभग एक बजे सभी अधिकारी बैठे रहे लेकिन कोई भी पार्षद बैठक में नहीं पहुंचा। विनेश कुमार ने बैठक की वीडियोग्राफी करवाकर बैठक स्थगित कर दी। इसके बाद उन्होंने पांच जनवरी को अगली बैठक की तारीख तय कर दी।
अगली बैठक में नहीं होगी कोरम पूरा करने की जरूरत
अब पांच जनवरी को जो बैठक होगी, उसमें कोरम पूरा करने की जरूरत नहीं होगी। जिला परिषद के 25 सदस्य चुने गए हैं। बुधवार को हुई बैठक में चेयरपर्सन तथा वाइस चेयरपर्सन चुनने के लिए कम से कम 17 सदस्यों की जरूरत थी। न तो भाजपा के पास 17 सदस्य थे और न ही जजपा के पास। इसलिए किसी भी दल के पास कोरम पूरा नहीं होने की स्थिति में बैठक में भाग नहीं लिया। अब पांच जनवरी को जो बैठक होगी, उसमें कोरम पूरा करने की जरूरत नहीं होगी। जितने भी सदस्य बैठक में आएंगे वह बहुमत से चेयरपर्सन व वाइस चेयरपर्सन का चुनाव कर सकें। यदि बैठक में तीन सदस्य भी पहुंच गए और दो एक पार्षद के पक्ष में होंगे, तो वहीं चेयरपर्सन चुना जाएगा।
जजपा व भाजपा जता रहे अपने-अपने दावे
भाजपा के जिला प्रधान राजू मोर ने कहा कि उनके पास 14 पार्षदों का समर्थन है। बैठक में कोरम पूरा नहीं हो रहा था, इसलिए वह बैठक में नहीं आ पाए। अगली बैठक में भाजपा समर्थित महिला ही जिला परिषद चेयरपर्सन बनेगी। वहीं जजपा के जिला प्रधान कृष्ण राठी ने कहा कि उनके पास 15 सदस्यों का समर्थन है। अगली बैठक में जजपा समर्थित महिला ही जिला परिषद चेयरपर्सन बनेगी तथा वाइस चेयरपर्सन भी उनकी ही पार्टी से होगा।
पार्षद महिलाएं घरों में, पति होटलों में
जिला परिषद में 13 पुरुष तथा 12 महिला सदस्य हैं। भाजपा व जजपा के नेताओं ने पार्षद महिलाओं के पतियों को रात को होटल में ठहरा रखा था तथा सुबह बैठक में पहुंचने के लिए पार्टी नेताओं के इशारे की जरूरत थी, जबकि जो पार्षद महिलाएं हैं, वह घर पर थी और अपने पतियों के फोन का इंतजार कर रही थी। किसी भी पार्टी के पास बहुमत नहीं होने के कारण कोई भी पार्षद बैठक में नहीं पहुंचा।
प्रशासन की तरफ से सभी प्रकार की तैयारियां कर ली गई थीं। बैठक में किसी पार्षद के नहीं पहुंचने के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया। अब अगली बैठक पांच जनवरी को होगा। इसमें कोरम पूरा करने जैसे कोई नियम नहीं रहेंगे। जिस भी पार्षद के पास बहुमत होगा, वह चेयरपर्सन बनेगी।
-विनेश कुमार, सीईओ, जिला परिषद।