23जेएनडी24 : नागरिक अस्पताल के मुख्य गेट पर एकत्रित हो रोष जताते हुए नर्सिंग स्टाफ।
जींद। नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को मांगें नहीं माने जाने के रोष स्वरूप जिलाभर के नागरिक अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर ने काले बिल्ले लगाकर काम किया। वहीं फार्मासिस्ट ऑफिसर ने भी एक घंटे तक पेन डाउन हड़ताल रखी। हालांकि इससे काम प्रभावित नहीं हुआ।
नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन की जिला प्रधान शारदा देवी के नेतृत्व में नागरिक अस्पताल के मुख्य गेट पर अस्पताल की स्टाफ नर्स एकत्रित हुई और रोष जताया। जिला प्रधान शारदा देवी, सुनीता कंडेला, रानी, मुकेश, राजबाला, प्रोमिला तथा निर्मल ने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर अपनी मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से भी मिल चुकी हैं, लेकिन आजतक उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया है। उनकी नर्सिंग अलाउंस केंद्र के समान 7200 रुपये देने, ग्रुप सी से ग्रुप बी में करने की मांग है, लेकिन सरकार इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। इसी के रोष स्वरूप उन्होंने काले बिल्ले लगा काम कर अपना रोष जताया है। नर्सिंग कैडर की डीजीएचएस कार्यालय में डिप्टी डायरेक्टर नर्सिंग की पोस्ट को अति शीघ्र भरा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने उनकी मांगों पर संज्ञान नहीं लिया तो 25 जुलाई को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी। जिसमें सीएम आवास घेराव तथा प्रदेशभर में पूर्ण हड़ताल का निर्णय लिया जाएगा।
वहीं फार्मासिस्ट ऑफिसर सुधीर किनाना ने कहा कि फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने भी सुबह नौ बजे से दस बजे तक पेन डाउन हड़ताल रखी। एक घंटे तक फार्मासिस्ट ऑफिसर ने मरीजों को दवाई का वितरण तो किया, लेकिन पेन नहीं चलाया। बाद में रिकार्ड पूरा किया गया।
23जेएनडी24 : नागरिक अस्पताल के मुख्य गेट पर एकत्रित हो रोष जताते हुए नर्सिंग स्टाफ।