जींद। नौगामा खाप की बैठक मंगलवार को रामराय गांव में खाप के प्रधान सुरेश बहबलपुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें नूंह में हुई हिंसा को लेकर निंदा प्रस्ताव पास किया गया। इस घटना को देश के लिए खतरनाक बताया गया। जल्द ही सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए बाकी बचे खाप के गांवों में बैठक करने का निर्णय लिया गया।
खाप प्रधान सुरेश बहबलपुर ने कहा कि नूंह में जो हिंसा हुई है, वह बहुत खतरनाक है। भारत एक लोकतांत्रिक तथा धर्मनिरपेक्ष देश है। इसमें सभी धर्मों का महत्व है। सभी धर्म भारत के गौरव हैं। यहां भाईचारे की मिसाल बहुत पुरानी है। इसलिए ऐसी हिंसा को यहां किसी धर्म से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। बैठक में प्रस्ताव पास किया गया कि 15 अगस्त को गुलकनी गांव में किसान शहीदी स्मारक पर खाप के दानियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा खाप के चबूतरे के निर्माण के लिए रामराय गांव के सरपंच के साथ मिलकर काम शुरू किया गया है, उसमें और तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि खापें देश में शांति बहाली के लिए काम करेंगी। इस मौके पर प्रैस प्रवक्ता उमेद सिंह जागलान, उपप्रधान महाबीर बैरागी, रामराय के सरपंच रामप्रसादा, चौधरी भरत सिंह, अमित ढुल ईक्कस व शहीद स्मारक गुलकनी के प्रधान जयवीर लौहान भी मौजूद रहे।