जींद। रेलवे जंक्शन के नो पार्किंग जोन से शनिवार रात बाइक हटवा रहे जीआरपी के एसपीओ और रेलवे कर्मियों बीच हुई धक्का मुक्की को लेकर एनआरएमयू पदाधिकारियों में रोष है। रविवार को एनआरएमयू के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कार्यालय से वाशिंग लाइन तक प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि जीआरपी झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है। यूनियन के प्रधान के खिलाफ भी झूठा मुकदमा दर्ज किया है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं घटना के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था। जीआरपी ने भी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
एसपीओ शनिवार रात को नो पार्किंग जोन से बाइक हटवा रहे थे। इसी बीच रेलवे कर्मचारियों ने धक्का मुक्की की थी। आरोप था कि एनआरएमयू प्रधान मेहर सिंह ने धक्का मुक्की कर गाली-गलौज की थी। इस धक्कामुक्की में एसपीओ रामसिंह की वर्दी भी फट गई थी। रेलवे थाना में तैनात गांव नगूरां निवासी एसपीओ रामसिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि शनिवार रात उनकी ड्यूटी जंक्शन पर थी। नो पार्किंग जोन में काफी बाइक खड़ी थी, जिसके कारण यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। वह बाइकों को हटवा रहे थे। उसी दौरान एनआरएमयू जींद के प्रधान मेहर सिंह तीन-चार दोस्तों के साथ वहां पर आए और धमकाने लगे। उसने मेहर को नो पार्किंग जोन से बाइक चोरी होने बात कही तो भडक़ उठे और धक्का मुक्की करने लगे। विरोध करने पर मेहर व उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक यात्री ने छुड़ाने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई। किसी तरह वह उनकी चंगुल से निकलने में कामयाब हुए और सूचना रेलवे पुलिस को दी। पुलिसकर्मियों को आता देख वह मौके से फरार हो गए थे। यूनियन सचिव रोहित टंडन का कहना है कि जीआरपी ने यूनियन पदाधिकारी पर झूठा मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले को प्रदेश स्तर पर लेकर जाएंगे। उसके बाद ही कोई अहम फैसला लिया जाएगा।
विज्ञापन
वर्जन
आरोपी घटना के बाद से ही फरार हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापा मार रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -स्नेहीराज, थाना प्रभारी।