जींद। जिस प्रकार शहर के पार्कों की हालत सुधारने के लिए नगर परिषद ने विभिन्न संस्थाओं को पार्क गोद दिए हैं, अब उसी तर्ज पर शहर के 22 चौक-चौराहे व ग्रीन बेल्ट को नगर परिषद ने बैंकों को गोद दिया है। अब बैंक इन चौक-चौराहों का सुंदरीकरण करेंगे तथा उनके रख-रखाव का भी जिम्मा संभालेंगे। इससे शहर के सभी चौक-चौराहे चकाचक नजर आएंगे तथा शहर की सुंदरता को बढ़ाएंगे। वीरवार को नगरायुक्त सुरेंद्र बेनिवाल ने बैंक प्रतिनिधियों की बैठक लेकर उनको यह चौक-चौराहे गोद देने की अंतिम प्रक्रिया पूरी की।
वीरवार को नगर आयुक्त सुरेंद्र बेनिवाल ने बैंक प्रतिनिधियों की बैठक ली और शहर चौक-चौहरों के रखरखाव का जिम्मा सौपा। महाराजा शूरसेन चौक, देवीलाल चौक, हुड्डा मार्केट को एक्सिस बंैक, रानी तालाब, महात्मा ज्योतिबा फूले पार्क आईसीआइसी बैंक, हुडा मार्केट व जयंती पार्क एचडीएफसी व आईडीबीआई बैंक, डॉ. बीआर आंबेडकर चौक पीएनबी, पटियाला चौक केनरा बैंक, ग्रीन बेल्ट एसबीआई को गोद दिया गया है। सभी बैंक या उनकी शाखाएं चौक-चौहरों का पहले सौंदर्यकरण करेंगे और उनका रख-रखाव करेंगे। इससे शहर सुंदर नजर आएगा।
कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत होगा रख-रखाव
बैंकों के पास कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत फंड होता है। यह फंड बैंकों को प्रशासन या सरकार को देना होता है। इस फंड के तहत सभी बैंक शहर के चौक-चौराहों का रख-रखाव तथा सुंदरीकरण करेंगे। इसके अलावा बैंक अन्य सामाजिक सहयोग भी करेंगे ताकि शहर को सुंदर बनाया जा सके।
चौक-चौराहों के रख-रखाव का जिम्मा बैंकों को सौंपा गया है। वीरवार को बैठक में बैंकों को सभी चौक व चौराहे अलॉट कर दिए गए हैं। इनको सुंदर बनाना तथा अन्य प्रकार की जिम्मेदारी अब से यह बैंक ही संभालेंगे। किस चौक का सुंदरीकरण किस बैंक ने किया है, इसकी नेम प्लेट भी बैंक लगा सकते हैं।
-सुरेंद्र बेनिवाल, नगरायुक्त