जींद। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विकास राणा ने जिले में अब स्कीइंग की लौ जलाना शुरू कर दिया है। अभी तक स्कीइंग को लेकर जिले के अधिकतर बच्चों को ज्यादा जानकारी भी नहीं थी, लेकिन खुद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश व प्रदेश का नाम रोशन करने के बाद अब जिले में इस खेल की लो जलाने की कवायद शुरू की है।
इसके चलते विकास राणा ने खुद स्कूलों में जाकर अध्यापकों से संपर्क किया और बच्चों को इस खेल के बारे में प्रशिक्षण देने को लेकर बातचीत की तो कई स्कूलों के संचालकों ने इस खेल को बढ़ावा देने के लिए राणा का सहयोग किया। इसको लेकर पिछले एक सप्ताह में दो स्कूलों के 200 बच्चों को विकास राणा ने स्कीइंग का प्रशिक्षण दिया। जिसमें राणा ने बच्चों को स्कूल में ही पहाड़ी क्षेत्रों व बर्फ में खेले जाने वाले इस खेल का प्रशिक्षण स्कूल के ग्राउंड में ही दिया। विकास राणा ने कहा कि रविवार को पिल्लूखेड़ा के ऑक्सफोर्ड स्कूल में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें कई बच्चे ऐसे थे कि उनको लगातार प्रशिक्षण मिले तो वह देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस गेम में बच्चे आगे आकर निडर, साहसी तो बनेंगे ही साथ में वह देश के लिए सशक्त भी होंगे। विकास राणा ने बताया कि अभी तक जिले में इस गेम के लिए प्रशिक्षण देने के लिए बेहतर सुविधा नहीं है, लेकिन वह खुद व्यवस्थाएं करने में जुटी है, ताकि जिले से ज्यादा से ज्यादा बच्चे इस गेम में शामिल होकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करे। अगर ज्यादा बच्चे इस गेम में रुझान दिखाएंगे तो यहां पर सुविधाएं भी बेहतर मिलने की उम्मीद होगी।