जींद। जिले में अब नौनिहाल क ख ग नहीं बल्कि ए बी सी पढ़ेंगे। इस बार जिले के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू करवाई जाएगी। पिछले वर्ष की भांति इन विद्यालयों में पहली में हिंदी माध्यम का विकल्प नहीं होगा। इसके लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इन स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू करवाने के लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने पत्र जारी किया है।
इसके लिए निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक विद्यालय अपनी विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक बुलाकर विद्यालय में उपलब्ध कमरों एवं अन्य ढांचागत सुविधाओं के मध्यनजर सीटों का निर्धारण जल्द करें। विद्यालय में उपलब्ध सीटों पर ही दाखिला करवाया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन समिति की पहली बैठक इसी सप्ताह आयोजित की जानी है। प्रबंधन समिति की बैठक में निर्णय लेकर कक्षा पहली, छठी, 9वीं तथा 11वीं में अंग्रेजी माध्यम सैक्शन, अनुभागों में ही नए दाखिले किए जाएंगे। अन्य कक्षाओं में दाखिले केवल रिक्त सीट होने की अवस्था में ही किए जाएंगे।
वहीं कक्षा 11वीं में दाखिले के संदर्भ में विद्यालय में पहले से पढ़ रहे विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जानी है। यदि विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय को दोहरी पारी में संचालित करने का निर्णय करती है, तो ऐसे में उन्हें अतिरिक्त सेक्शन बनाने की अनुमति रहेगी। इच्छुक विद्यार्थियों को मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आवेदन के लिए जन्म प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र जरूरी होगा। वहीं आवेदन का फॉर्म विभाग द्वारा पहले से ही तैयार किए गए आवेदन फॉर्म पर भरना होगा। यह फॉर्म स्कूल द्वारा अभिभावकों को निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा। किसी भी विद्यार्थी को दस्तावेज के अभाव में दाखिले से वंचित नहीं किया जाएगा। बच्चे को अस्थाई दाखिला देकर 30 दिन का समय दिया जाएगा। यदि आरक्षित सीटों के लिए समुचित संख्या में आवेदन नहीं आते हैं तो इन सीटों को सामान्य श्रेणी से भरा जाएगा।
बॉक्स
यह रहेगा दाखिले का शेड्यूल
दाखिला प्रक्रिया एक अप्रैल से प्रारंभ होगा। विद्यालय मुखिया द्वारा आवेदन पत्र प्राप्त करने व जमा करवाने की तिथि 20 अप्रैल तक रहेगी। इसके बाद 22 अप्रैल को ड्रा निकाला जाएगा। प्रतीक्षा सूची के तहत 26 अप्रैल को दाखिले होंगे। सीट खाली रह जाने पर दाखिले का दूसरा दौर 27 अप्रैल से शुरू होगा।
बॉक्स
मॉडल संस्कृति विद्यालयों में दाखिले को लेकर शेड्यूल जारी
राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालयों में दाखिले को लेकर शेड्यूल जारी हुआ है। जो विद्यार्थी मॉडल संस्कृति स्कूलों में दाखिले को लेकर इच्छुक हैं। वह निर्धारित शेड्यूल के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। इस बार प्राइमरी कक्षा में भी अंग्रेजी माध्यम से ही दाखिले होंगे।
सुमित्रा देवी जिला शिक्षा अधिकारी जींद।