जींद। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के ई-अधिगम को लेकर शिक्षा विभाग ने कक्षा दसवीं से बारहवीं तक के 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों को टैबलेट दिए थे। अब इन सभी टैबलेट का हिसाब शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांगा है। इसके लिए शिक्षा विभाग ने ऑडिट शुरू किया है। इसे लेकर निदेशालय में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को 31 दिसंबर तक निदेशालय के अधिकारियों ने टैबलेट को लेकर रिपोर्ट मांगी है। अब जिला शिक्षा विभाग स्कूलों में टैबलेट की ऑडिट कर निदेशालय को ऑडिट रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
इस ऑडिट रिपोर्ट में बताया जाएगा कि उन्हें कितने टैबलेट निदेशालय से मिले। कितने विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए, कितने टैबलेट उनके स्टॉक में है। इसके अलावा कितने टैबलेट टूट चुके हैं और कितने चोरी हुए हैं। अगर चोरी हुए है तो उन टैबलेट की एफआईआर की कॉपी भी देनी होगी। जिले के करीब 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग टैबलेट दे चुका है। इसमें 19 दिसंबर को पिल्लूखेड़ा ब्लॉक, 20 दिसंबर को अलेवा, 21 दिसंबर को सफीदों, 22 दिसंबर को जुलाना, 23 दिसंबर को उचाना, 26 दिसंबर को नरवाना व 27 दिसंबर को जींद ब्लॉक के स्कूलों को डाइट ईक्कस में जाकर रिकॉर्ड सबमिट करवाना है।
ब्लॉक वाइज करवाना होगा डाटा सबमिट
शिक्षा विभाग ने कक्षा दसवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों को भी टैबलेट उपलब्ध करवा रखे हैं। जिले के शिक्षकों को टैबलेट दिए गए हैं। ई-अधिगम को लेकर पाठ्यक्रम भी तय किया गया है। निदेशालय की तरफ से स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए थे। रिपोर्ट तैयार की जाएगी कि कितने टैबलेट विद्यार्थियों को दिए जा चुके हैं और कितने टैबलेट उनके स्टॉक में है।
-आनंद सहारण, जिला गणित विशेषज्ञ।