संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। नगर के जींद रोड स्थित श्री गौशाला में शनिवार को अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा गोसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार ने शिरकत की, जबकि नपा चेयरपर्सन प्रतिनिधि संजय अधलखा ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोशाला कमेटी के अध्यक्ष शिवचरण कंसल ने की। हरियाणा गोसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग ने कहा कि सरकार व आयोग ऐसी योजना पर काम कर रहा है कि प्रदेश की सड़कों पर कोई भी बेसहारा गोवंश ना दिखे। यह योजना अंतिम चरण में है और जिस दिन यह योजना लागू हो जाएगी उसी दिन सड़कों पर कोई भी गोवंश नहीं दिखेगा। अस्थायी व्यवस्था के रूप में फिलहाल प्रशासन व पालिका को दिशा-निर्देश देकर गोवंश को गोशालाओं व नंदीशालाओं में आश्रय दिया जा रहा है। उन्होंंने कहा कि सरकार ने गौशालाओं को भूमि उपलब्ध करवाने की भी योजना शुरू कर दी है। इस योजना के तहत गोशालाओं में गौवंश की संख्या के हिसाब से भूमि 20 वर्षों की लीज पर प्रदान की जा रही है। कोई भी रजिस्टर्ड गौशाला अपने इलाके के संबंधित एडीसी को आवेदन दे सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार व गौसेवा आयोग गौशालों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहा है। वहीं गोशालाओं में नस्ल सुधार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। गौशालाओं को विशेष नस्ल के सांड उपलब्ध करवाएं जा रहे हैं। यह आयोजन मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा हरियाणा गोसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग के आगामी तीन वर्षों के लिए सेवा विस्तार को लेकर आयोजित किया गया।