जाम लगा रहे किसानों को समझाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : bureau
बधाना गांव स्थित पावर हाउस से बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर गांव के किसानों ने नगूरां-उचाना मार्ग पर बुधवार सुबह जाम लगा दिया। साथ ही किसानों ने बिजली घर के गेट पर ताला जड़ कर नारेबाजी की। बाद में पुलिस व बिजली निगम के अधिकारियों ने किसानों को समझा कर जाम व ताला खुलवा दिया। किसानों का कहना है कि उन्हें शेड्यूल के अनुसार पूरी बिजली नहीं मिल रही है। इससे उनकी फसल खराब हो रही हैं। बार-बार अधिकारियों को अवगत करवाने के बाद भी बिजली व्यवस्था सुधर नहीं रही है। इससे नाराज किसानों ने नगूरां-उचाना मार्ग पर बधाना बिजली घर के सामने अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। किसानों ने कहा कि बिजली घर के कर्मचारी मनमानी के चलते हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर कर्मचारियों से बात की जाती है तो उल्टा किसानों को ही धमकाया जाता है। किसानों ने मांग की कि यहां तैनात कर्मचारियों का तुरंत तबादला किया जाए। इस पर नगूरां पुलिस चौकी से बसाऊ राम और बिजली निगम नगूरां एसडीओ प्रेम सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को बिजली व्यवस्था ठीक करने का आश्वासन देकर जाम हटवाया।