जींद। अग्रोहा धाम के प्रदेश प्रवक्ता एवं प्रमुख समाजसेवी डाॅ. राजकुमार गोयल ने बताया कि 10 नवंबर को अग्रोहा धाम में ऐतिहासिक राष्ट्रीय मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें हरियाणा के अलावा देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक भाग लेंगे।
मेले में धार्मिक अनुष्ठान, भजन कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न तरह की सामाजिक गतिविधियां आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि मेले में अग्रोहा धाम के मुख्य संरक्षक एवं राज्यसभा के पूर्व सांसद डाॅ. सुभाष चंद्रा मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग अग्रोहा धाम मेले की अध्यक्षता करेंगे। महामंडलेश्वर महा ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी भी इसमें पहुंचेंगे।
भजन गायक कन्हैया मित्तल सुंदर-सुंदर भजन प्रस्तुति देंगे। अग्रोहा धाम मेले में दस नवंबर को सुबह शक्ति सरोवर स्नान का कार्यक्रम होगा फिर अलग अलग मंदिरों में आरती व पूजा होगी। उसके बाद हजारों महिलाओं के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी फिर छप्पन भोग का कार्यक्रम रहेगा। दोपहर को भंडारे का आयोजन होगा। उसके बाद ध्वजारोहण के साथ महासम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें समाज के राष्ट्रीय प्रतिनिधियों द्वारा राष्ट्रहित को लेकर संबोधन किया जाएगा। महासम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी होगा।