संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। सफीदों पुलिस ने एक बोलेरो से 360 बोतल देसी ठेका शराब बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सिटी थाना पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि पुराना बस स्टैंड सफीदों की तरफ से एक बोलेरो गाड़ी भारी मात्रा में ठेका देसी शराब लेकर जींद रोड सफीदों की तरफ आ रही है। इसके बाद पुलिस ने नाका लगाकर बोलेरो को रुकवाया और उसके चालक दलबीर उर्फ अनिल निवासी गांव बागडू कलां को काबू किया। गाड़ी की तलाशी ली गई तो विभिन्न मार्के की ठेका देसी शराब भरी हुई थी। चालक शराब का लाइसेंस और परमिट नहीं दिखा सका। पुलिस ने कुल 360 बोतल ठेका देसी शराब बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।