संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। कहते हैं अपने सपनों का पीछा करने के लिए दृढ़ता, कड़ी मेहनत और निरंतर जुनून आपको जीवन में हमेशा सफलता दिला देता है। इसी जुनून की जिद पर चलते हुए दनोदा गांव के लाडले सचिन ने एक बार फिर नाम रोशन किया है।
सचिन को समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने, पर्यावरण संरक्षण करने, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे को सार्थक करने और समाज की सोच बदलने के लिए 2017-18 में कन्याकुमारी से कश्मीर व अरुणाचल प्रदेश से गुजरात तक की गई संपूर्ण भारत साइकिल यात्रा के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।
सचिन के इस जुनून और प्रयास के चलते ही इंडिया प्राउड बुक ऑफ रिकाॅर्ड द्वारा सम्मानित किया गया। सचिन ने 54 दिनों में सबसे लंबी साइकिलिंग यात्रा कर संपूर्ण भारत का भ्रमण किया है। वह दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट एवरेस्ट पर भी तिरंगा फहराना चाहते हैं, अभी तक सचिन सात ऊंचे पर्वतों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुके हैं।