25जेएनडी42 : शहर में जागरूकता रथ के माध्यम से मतदान को लेकर तथा स्वच्छता को लेकर जागरूकता संदेश
जींद। नगर परिषद ने बुधवार शाम को स्वच्छता रथ के जरिये लोगों को सफाई रखने और वोट डालने के लिए प्रेरित किया। स्वच्छता रथ में कई संस्थाओं के अलावा नगर परिषद के सीएसआई अनिल नैन शामिल हुए। रथ को नगर परिषद के डीएमसी गुलजार मलिक ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस मौके पर नगर परिषद के ईओ रिषिकेश चौधरी, सीएसआई अनिल नैन खास तौर पर मौजूद रहे। बुधवार को नगर परिषद का सारा अमला नेहरू पार्क में इकट्ठा हुआ।
यहां से दर्जनों गाड़ियों के साथ अमला स्वच्छता रथ लेकर शहर की सड़कों पर निकला। ढोल, नगाड़ों की आवाज हर किसी का ध्यान इस ओर आकर्षित कर रही थी। स्वच्छता रथ में भारी संख्या में महिला और पुरुष सफाई कर्मी शामिल हुए। रथ का नेतृत्व सीएसआई अनिल नैन ने किया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य जींद को साफ-सुथरा बनाना है। इसलिए जींद में स्वच्छता रथ शुरू किया गया है। यह स्वच्छता रथ शहर के प्रत्येक वार्ड को कवर करेगा और लोगों को सफाई रखने के लिए प्रेरित करेगा। सीएसआई अनिल नैन ने दुकानदारों को पॉलीथिन को बाय-बाय करने के लिए जागरूक कर किया।
बॉक्स
नप में होगा सेल्फी काॅर्नर : नैन
नगर परिषद के सीएसआई अनिल नैन ने कहा कि नगर परिषद में सेल्फी कार्नर स्थापित होगा। यह आम जन को जागरूकता फैलाने का संदेश भी देगा। संस्थाएं स्वयं पार्क में भी सेल्फी कार्नर बना सकती है ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़े।
बॉक्स
नप का डस्टबिन बोल कर सुनाएगा स्टोरी : मलिक
डीएमसी गुलजार मलिक ने कहा कि नगर परिषद का डस्टबिन बोल कर अपनी स्टोरी सुनाएगा। प्रतियोगिता में आम जन और संस्थाएं भाग ले सकती हैं। आम लोगों को अपने घर में दो प्रकार के डस्टबीन रख कर गीला और सूखा कूड़ा नगर परिषद की डोर टू डोर गाडी में डालते हुए 10 दिन लगातार अपनी सेल्फी सहित कचरा लेनी होगी और वह व्यक्ति प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। संस्था द्वारा कम से कम 20 घरों या पांच होटल में से कचरा प्रतिदिन दो अलग-अलग डस्टबिन में छंटवा कर नगर परिषद के वाहन को सेल्फी सहित कचरा देकर प्रतियोगिता जीत सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का स्वच्छता रथ प्रदेश में पहली बार जींद में शुरू किया गया है। सबसे पहले मार्केट को इसके तहत कवर किया जाएगा।