21जेएनडी22 : पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेते विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा। संवाद
जींद। विधायक बनने के बाद पहली बार डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने फटकार लगाते हुए कहा कि जींद विधानसभा क्षेत्र के शहर व गांव में कहीं भी बिजली के लटकते तार दिखाई नहीं देने चाहिए। जो भी विकास कार्य रुके हुए हैं, उनको तुरंत शुरू करवाया जाए। उन्होंने शहर की पश्चिमी दिशा में रिंग रोड की फाइल पूरी तरह तैयार नहीं होने पर कड़ा एतराज जताया और जल्द पूरा करने के लिए कहा।
बैठक में विधायक ने अपने पांच साल का जींद के विकास को लेकर खाका साफ करते हुए स्पष्ट कहा कि अधिकारी पूरी निष्ठा से कार्य करें। जींद के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ें। विकास कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। विकास कार्यों को लेकर कोताही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में रिंग रोड को लेकर फाइल आगे नहीं बढ़ाए जाने पर एनएचआई अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि हर हाल में इसे पूरा करें।
एकलव्य स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए बनाए जाने वाले सिंथेटिक ट्रैक को लेकर भी विधायक ने नगर परिषद अधिकारियों को लताड़ लगाते हुए जल्द कार्य पूरा करने के लिए कहा। शहर में जगह-जगह लटके तारों को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि निगम किसी हादसे का इंतजार नहीं करे। हर हाल में लटक रहे तारों को ठीक करे। इसके साथ ही जगमग योजना के तहत गांव अहीरका व अमरहेड़ी में 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाई जाए।
बैठक में नगरायुक्त गुलजार मलिक, एसडीएम विरेंद्र सहरावत, तहसीलदार मनोज अहलावत, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता विक्रम मोर मौजूद रहे।
मार्च तक मेडिकल काॅलेज का निर्माण हो पूरा
विधायक ने कहा कि हर हाल में मेडिकल काॅलेज का निर्माण कार्य मार्च तक पूरा हो जाना चाहिए। जींद की जनता ने उन्हें लगातार तीसरी बार विधानसभा में भेजा है। पहले की तरह ही इस बार भी वह जींद के लोगों की आवाज को और ज्यादा बुलंद करेंगे। मार्च के बाद तुरंत ओपीडी शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
21जेएनडी22 : पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेते विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा। संवाद