जींद। तीन महीने पहले ननिहाल गई नाबालिग लड़की से एक युवक ने दोस्ती की और फिर उसे रोहतक बुलाकर उससे दुष्कर्म किया। आरोपी ने लड़की के फोटो लिए और वीडियो भी बनाई। इस मामले में महिला थाना पुलिस ने जुलाना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी देने और पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
शहर की एक कालोनी की 16 वर्षीया पीड़िता ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह करीब तीन महीने पहले जुलाना थाना क्षेत्र के गांव में अपने ननिहाल गई थी। उसके मामा के घर के पास रहने वाले युवक ने उसके साथ दोस्ती की। उसने अपना मोबाइल नंबर एक पर्ची पर लिखकर उसके पास फेंक दिया था जिससे वह उसके साथ मोबाइल फोन पर बात करने लगा। आरोप लगाया कि 14 नवंबर को उसने उसे रोहतक बुला लिया, जहां उसने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने उसकी फोटो और वीडियो भी बना ली थी। जांच अधिकारी एसआई प्रेम कुमारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म करने, धमकी देने और पाक्सो एक्ट आदि में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।