जींद। मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन ने शनिवार को मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और लघु सचिवालय में तहसीलदार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मिड-डे मिल वर्कर, आयुष विभाग पार्ट टाइम कर्मचारी व स्कूलों के पार्ट टाइम कर्मियों की मांगों को पूरा करने की मांग की गई। प्रदर्शन से पहले नेहरू पार्क में मिड-डे मील वर्कर, पार्ट टाइम कर्मचारियों की रोष बैठक राज्य प्रधान इंद्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कहा कि कर्मचारी लंबे समय से मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। सरकार समय रहते कर्मियों की मांगों को पूरा करे। मांग की कि मिड-डे मील वर्करों का वेतन महंगाई को देखते हुए सात हजार से बढ़ाकर 15 हजार किया जाए। मिड-डे मील वर्करों को 10 महीने की बजाए 12 माह का वेतन दिया जाए। आयुष विभाग में लगे पार्ट टाइम कर्मचारी जिनको सेवा करते 10 साल हो चुके हैं, उन्हें अतिशीघ्र पक्का करने के लिए विभाग को आदेश जारी किए जाएं। आयुष विभाग में लगे पार्ट टाइम कर्मचारियों के वेतन में पिछले तीन सालों से कोई बढोतरी नहीं हुई है, इनके वेतन में वृद्धि की जाए। इस अवसर पर दलशेर सिंह, अनीता, शीला, पिंकी, शिमला, रजनी, अनुप, अमर कौर, कृष्णा, रेखा मौजूद थी।