26जेएनडी19: मार्केट कमेटी चेयरमैन सुरेंद्र खरकभूरा को ज्ञापन सौंपते हुए रामनिवास करसिंधु। स्रोत
जींद। अग्रवाल जनहित समिति संस्थापक चेयरमैन लाला रामनिवास करसिंधु द्वारा पुरानी मंडी, कपास मंडी एवं हाइवे स्थित अतिरिक्त मंडी में सभी एंट्री प्वाइंट एवं गेट पास बनाने की सुविधा को लेकर सीएम के नाम मांग पत्र मार्केट कमेटी चेयरमैन सुरेंद्र खरकभूरा को सौंपा। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों ने बताया कि आने वाले गेहूं के सीजन में फसल के गेटपास बनवाने के लिए जो प्वाइंट है वो कम है। वाहनों की लाइन लगने से जाम की स्थिति पैदा होगी। किसी तरह की परेशानी न हो इसको लेकर गेटपास प्वाइंटों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि किसानों को गेटपास कटवाने के लिए परेशानी न हो। मार्केट कमेटी चेयरमैन सुरेंद्र खरकभूरा ने कहा कि ये मांग पत्र सीएम ऑफिस भेज दिया जाएगा। जो मांग है वो विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री के भी संज्ञान में लाकर सीएम, संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी।